ऋषिकेश लक्ष्मण झूला थाना क्षेत्र अंतर्गत हिल्टन रैपिड के पास शुक्रवार शाम गंगा नदी में नहाने के दौरान एक युवक बह गया। सूचना मिलते ही एसडीआरएफ की डीप डाइविंग टीम मौके पर पहुंची और युवक की तलाश में सर्च अभियान शुरू किया गया।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम युवक के डूबने की सूचना मिली थी। इसके बाद एसडीआरएफ के डीप डाइवरों को नदी में उतारकर सभी संभावित स्थानों पर तलाश की जा रही है। मौके पर स्थानीय पुलिस और जल पुलिस भी आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।
बताया गया कि युवक पास स्थित सीताराम आश्रम में कथा सुनने आया हुआ था। वह अपने एक साथी के साथ नहाने के लिए गंगा किनारे गया, जहां प्रतिबंधित घाट पर उतरने के दौरान तेज बहाव में बह गया। डूबने वाले युवक की पहचान हर्षित उपाध्याय पुत्र नंद किशोर, उम्र 20 वर्ष, निवासी ग्राम सीमा रिस्टना, भीकियासैंण, जिला अल्मोड़ा के रूप में हुई है।