सीएम धामी की बड़ी घोषणा, पुलिस के 1600 पदों पर भर्ती जल्द

पुलिस स्मृति दिवस पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पुलिस कल्याण के लिए आठ घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस के रिक्त 1600 पदों पर जल्द भर्ती की जाएगी। इसके अलावा थानों के वार्षिक बजट को चार करोड़ रुपये से बढ़ाकर आठ करोड़ रुपये किया जाएगा। इनमें पुलिसकर्मियों के लिए देहरादून में ट्रांजिट हॉस्टल और अस्पताल व पुलिस मॉडर्न स्कूलों के अपग्रेड की घोषणाएं भी शामिल हैं।


पुलिस लाइन में बुधवार को पुलिस स्मृति दिवस में मुख्यमंत्री ने इस वर्ष शहीद हुए एसआई विनोद कुमार, इंटेलिजेंस इंस्पेक्टर मनोज मनराल और हेड कांस्टेबल आईआरबी तारा सिंह को श्रद्धांजलि दी और उनके परिजनों को सम्मानित किया। धामी ने कहा कि पिछले एक वर्ष में देशभर में 154 जवानों ने कर्तव्य पालन के दौरान सर्वोच्च बलिदान दिया, जिनमें उत्तराखंड पुलिस के उपनिरीक्षक विनोद कुमार भी शामिल हैं। कहा कि शहीद पूरे देश का गौरव होते हैं। उन्होंने कहा कि खाकी वर्दी साहस, अनुशासन और राष्ट्रसेवा का प्रतीक है। पुलिसकर्मी त्योहारों पर भी परिवारों से दूर रहकर जनता की सुरक्षा करते हैं। उत्तराखंड की भौगोलिक परिस्थितियों और आपदाओं के बीच उनकी भूमिका अधिक महत्वपूर्ण है।