चारधाम यात्रा का शुभारंभ 19 अप्रैल से गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ होगा। इसके बाद केदारनाथ धाम के कपाट 22 अप्रैल, बुधवार को और बदरीनाथ धाम के कपाट 23 अप्रैल, गुरुवार को श्रद्धालुओं के लिए खोले जाएंगे। यात्रा को लेकर शासन-प्रशासन तैयारी में जुटा है। इसके देखते हुए चारधाम यात्रा में एक हफ्ते पहले ही फोर्स तैनात की जाएगी।

आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप ने बताया कि हर दस किमी के सेक्टर में चार जवान ड्यूटी करेंगे। वहीं 57 लैंडस्लाइड जोन में जेसीबी तैनात होगी। चारधाम यात्रा शुरू होने के लिए अब कुछ ही दिन बाकी है। पर्यटन के अलावा स्वास्थ्य, बिजली, लोक निर्माण, पेयजल, परिवहन, पुलिस व प्रशासन, पशुपालन समेत अन्य विभाग व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे रहे हैं।
चारधाम यात्रा मार्गों पर ट्रैफिक जाम से निपटने के लिए पुलिस ने प्लान तैयार कर लिया है। श्रद्धालुओं को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने के लिए इस बार केदारनाथ व बदरीनाथ धाम में नवनिर्मित अस्पताल को संचालित किया जाएगा। इससे श्रद्धालुओं को आपात स्थिति में धामों में ही इलाज की सुविधा मिलेगी।