पौड़ी जिला मुख्यालय के पुराने जेल गदेरे के पास एक दुकान के आगे कार का शीशा नाई के हाथ से टकरा गया। जिसके बाद नाई व कार चालक के बीच विवाद शुरू हो गया। नाई ने कैंची से हमला कर चालक को घायल कर दिया। मामले के तूल पकड़ने पर पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।

घटना के बाद दोनों पक्षों के लोग कोतवाली पहुंच गए, जहां जमकर हंगामा हुआ। बाद में कुछ लोग एसएसपी कार्यालय भी पहुंचे और प्रदर्शन किया। आरोप लगाया कि विवाद के दौरान एक पुलिसकर्मी ने एक युवक को थप्पड़ मारा। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मी और मारपीट में शामिल लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की।
विवाद के बाद कुछ लोगों ने दुकान में तोड़फोड़ कर सामान सड़क पर फेंक दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। इसके बाद कुछ महिलाओं ने भी दुकान पर जाकर तोड़फोड़ की। पुलिस ने मामले में अब्दुल राऊफ, मुज्जमिल, मो. जायद और मो. आकिफ सभी निवासी अपर बाजार को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही दुकान में तोड़फोड़ और पुलिसकर्मी की भूमिका की भी जांच की जा रही है।