उड़ीसा में जेल तोड़कर फरार एक लाख का इनामी बदमाश गिरफ्तार

जिला कारागार कटक (उड़ीसा) से न्यायिक अभिरक्षा के दौरान फरार आरोपी को देहरादून, टिहरी और उड़ीसा पुलिस की संयुक्त टीम ने इंद्रमणि बडोनी चौक के समीप गिरफ्तार किया है। आरोपी पर एक लाख का इनाम भी घोषित किया था। पुलिस का कहना है कि आवश्यक कार्रवाई के बाद आरोपी को उड़ीसा पुलिस के सुपुर्द कर दिया जाएगा।


प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि राजा साहनी (34) निवासी बेगूसराय, बिहार 2 अक्तूबर 2025 को कटक की जिला कारागार की दीवार फांद कर न्यायिक अभिरक्षा के दौरान फरार हो गया था। आरोपी डकैती और दो हत्याओं के मामले में जेल में बंद था। उड़ीसा पुलिस लगातार आरोपी की धरपकड़ के लिए विभिन्न स्थानों पर दबिश दे रही थी। वहीं बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे कोतवाली पुलिस को बताया कि आरोपी की लोकेशन त्रिवेणी घाट दिखाई दे रही है। जिस पर प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट कोतवाली के छह पुलिसकर्मियों व उड़ीसा पुलिस कर्मियों के साथ त्रिवेणीघाट पहुंचे और यहां से लगातार सर्विलांस के माध्यम से उसका पीछा करने लगे।
करीब ढाई बजे ढालवाला रोड पर सुमन पार्क के समीप संदिग्ध की कार को रोक लिया गया। कार में एक महिला सहित चार लोग बैठे थे। पीछे की सीट पर बैठे व्यक्ति की उड़ीसा पुलिसकर्मियों ने आरेापी राजा साहनी के रूप में पहचान की। जिस पर कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। प्रभारी निरीक्षक केसी भट्ट ने बताया कि कार में सवार तीन अन्य के बारे में भी जानकारी जुटाई जा रही है।