उत्तराखंड में गैस की नई व्यवस्था, घर-परिवार में शादी है तो मिलेगा अस्थाई गैस कनेक्शन

उत्तराखंड में यदि किसी के घर, परिवार में शादी है तो इसके लिए अस्थाई गैस कनेक्शन मिलेगा। यह कहना है खाद्य आयुक्त आनंद स्वरूप का। उन्होंने यह बात अपने कार्यालय में मीडिया से वार्ता करते हुए कही। उन्होंने कहा, घरेलू गैस की आपूर्ति लगभग सामान्य है।


खाद्य आयुक्त ने कहा, शादी समारोह के लिए दो व्यावसायिक गैस सिलिंडर मिलेंगे। इसके लिए अपनी गैस की एजेंसी में अस्थायी कनेक्शन के लिए आवेदन करना होगा। उन्होंने बताया कि राज्य में एलपीजी और तेल की कमी नहीं है।
केंद्र सरकार का निर्देश है कि घरों को पीएनजी से जोड़ा जाए ताकि एलपीजी के दबाव को कम किया जा सके। पीएनजी के लिए मुख्य पाइप लाइन से जुड़ने की जरूरत नहीं है। इसके लिए शैक्षणिक संस्थानों और पर्वतीय जिलों में टैंक बनाकर उन्हें पीएनजी से जोड़ा जा सकता है। गैस कंपनियों का कहना है कि अप्रैल तक राज्य में एक से डेढ़ लाख परिवारों को पीएनजी से जोड़ लिया जाएगा।
खाद्य आयुक्त ने कहा, रसोई गैस की कालाबाजारी की शिकायत पर 87 स्थानों पर छापा मारा। जिसमें 15 मुकदमे दर्ज किए गए हैं, वहीं, 85100 रुपये जुर्माना लगाया गया है। इसके साथ ही 672 रसोई गैस सिलिंडर और 139 व्यावसायिक सिलिंडर जब्त किए गए हैं।
वहीं ,खाद्य आयुक्त ने कहा, हालांकि राज्य में रसोई गैस और तेल की कोई कमी नहीं है, इसके बावजूद वैकल्पिक ऊर्जा पर भी ध्यान देना होगा। वन निगम को भी लकड़ी का इंतजाम करने के लिए कहा गया है।