बरेली रोड क्षेत्र में मेडिकल पुलिस चौकी से 150 मीटर की दूरी पर युवक ने मंगलवार की देर रात छोटे भाई की पीट-पीटकर निर्मम हत्या कर दी। मृतक लीवर की बीमारी से पीड़ित था। आरोपी ने परिवार के अन्य सदस्यों को देसी रिवाॅल्वर के बल पर धमकाते हुए बीच-बचाव करने से भी रोक दिया। इसके बाद वह मौके से भाग गया। घटना के चार घंटे बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

बरेली रोड स्थित राम मंदिर बगीचा निवासी सोनू जायसवाल (44) पुत्र स्व.लल्लन प्रसाद जायसवाल पिछले कुछ समय से लीवर सिरोसिस से पीड़ित था। मंगलवार की देर रात उसका बड़ा भाई संदीप जायसवाल शराब के नशे में धुत होकर घर पहुंचा और सोनू से मारपीट करने लगा। संदीप ने पास पड़े स्टील का लोटा उठाकर सोनू के सिर और मुंह पर मार दिया। परिजनों के बीच-बचाव की कोशिश करने पर संदीप ने उन्हें भी जान से मारने की धमकी दी। घर से बाहर नहीं जाने दिया। इस पर वे डरकर अंदर वाले कमरे में चले गए। इसके बावजूद संदीप भाई को पीटता रहा। पिटाई से सोनू बेहोश हो गया।
बताया जा रहा है कि संदीप ने पानी पिलाकर सोनू को उठाने का प्रयास किया। इसके बाद आरोपी भाग गया। घटना के दौरान घर में सोनू की मां रानी, भाभी, उनके दो भतीजे और दो भतीजी मौजूद थीं। इसी बीच बड़े भतीजे अंकित जायसवाल ने अपने दोस्त सोनू कश्यप को घटना की जानकारी दी। इस पर मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सोनू को 108 एंबुलेंस से सुशीला तिवारी अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। अंकित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली है। वहीं बुधवार को दो चिकित्सकों के पैनल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया।