एसटीएफ और दून पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई में झाझरा से विक्रांत कश्यप को पकड़ा है। विक्रांत पाकिस्तानी आईएसआई के एजेंट आतंकी शहजाद भट्टी से जुड़ा था। उसने यहां से कई सामरिक महत्व वाले स्थानों के फोटो-वीडियो पाकिस्तान भेजे थे। एसटीएफ आईजी नीलेश आनंद भरणे ने बताया कि वह पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन अल बद्र ब्रिगेड से जुड़े आतंकी शहजाद भट्टी के संपर्क में था और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम व व्हाट्सएप के जरिये लगातार संवाद कर रहा था।

आरोप है कि युवक देहरादून स्थित सैन्य व अन्य सरकारी संस्थानों की लोकेशन और फोटो-वीडियो पाकिस्तान भेज रहा था। एसटीएफ अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी को आतंकी गतिविधियों के लिए उकसाया जा रहा था। उसे महत्वपूर्ण स्थानों जैसे आईएमए, पुलिस मुख्यालय और अन्य सरकारी भवनों के वीडियो व फोटो भेजने के निर्देश दिए गए थे। साथ ही, उसे शहर में तहरीक-ए-तालिबान-हिंदुस्तान (टीटीएच) के नाम से ग्राफिटी लिखने और उसका वीडियो बनाकर भेजने के लिए कहा गया था, जिससे दहशत फैल सके।
इसके बदले उसे आर्थिक मदद का भी प्रस्ताव दिया गया था। गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपी के पास से एक पिस्टल, सात जिंदा कारतूस, एक स्प्रे पेंट कैन और एक मोबाइल फोन बरामद किया है। पूछताछ के दौरान विक्रांत कश्यप ने बताया कि वह पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला का प्रशंसक था और उनकी हत्या से आहत होकर बदला लेने की भावना में आ गया था।