कोटद्वार नैनीडांडा ब्लॉक के चमाड़ा तल्ला गांव में शनिवार को बिजली लाइन की शिकायत दूर करने के दौरान ऊर्जा निगम के एक संविदा श्रमिक की करंट लगने से मौत हो गई। बिना शटडाउन लिए पोल पर चढ़े श्रमिक को तेज करंट लग गया। सेफ्टी बेल्ट बंधी होने के कारण उसका शव काफी देर तक पोल पर ही लटका रहा।

सूचना मिलने पर ऊर्जा निगम के अधिकारी और धुमाकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। शटडाउन लेने के बाद शव को नीचे उतारकर पोस्टमार्टम के लिए कोटद्वार भेजा गया। ऊर्जा निगम के जूनियर इंजीनियर कृष्णकांत ने बताया कि चमाड़ा तल्ला गांव में एक उपभोक्ता की शिकायत का निस्तारण करने के लिए ठेकेदार के अधीन कार्यरत श्रमिक विदुर (30) पुत्र कृपाल सिंह मौके पर पहुंचा था।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार श्रमिक ने बिना शटडाउन लिए ही सेफ्टी बेल्ट लगाकर बिजली के पोल पर चढ़कर लाइन की खराबी दूर करने का प्रयास किया। काम शुरू करते ही वह करंट की चपेट में आ गया और बेल्ट बंधी होने से पोल पर ही लटक गया। घटना की सूचना पर जेई कृष्णकांत और धुमाकोट थानाध्यक्ष सुनील पंवार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पहले लाइन का शटडाउन लिया गया, इसके बाद शव को सुरक्षित नीचे उतारकर सड़क तक लाया गया। पुलिस ने पंचनामा भरने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए बेस अस्पताल कोटद्वार भेज दिया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।