भालू के हमला करने पर दरांती लेकर भिड़ गई महिला, जैसे तैसे बचाई खुद की जान

तहसील मुख्यालय ऊखीमठ से लगभग तीन किलोमीटर दूरी पर स्थित ग्राम पठाली के प्रधान की पत्नी रामेश्वरी देवी (55) पर भालू ने दिन दहाड़े हमला कर दिया। जब भालू ने हमला किया तो महिला ने हिम्मत नहीं हारी और भालू से भिड़ गई। इस दौरान महिला को हल्की चोटें आई हैं। महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र में प्राथमिक उपचार के बाद जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया।


जानकारी के अनुसार, रामेश्वरी देवी अपने आवासीय मकान से लगभग 500 मीटर की दूरी पर एरेठी सुबदा नामक तोक में सुबह साढ़े दस बजे घास लेने गई थी। जहां पर भालू ने हमला कर दिया। भालू से भिड़ते हुए महिला ने दरांती से प्रहार कर अपना बचाव किया। जिसके बाद वह खेत से नीचे की ओर लुढ़क गई और शोर मचाकर भागते हुए अपने पति को सूचित कर दिया। शोर सुनने के बाद घर से उनका पति भी घटनास्थल की ओर दौड़ पड़ा, तब तक महिला आधे रास्ते तक पहुंच चुकी थी। घटना के बाद भालू वहां से भाग गया। परिजनों द्वारा घायल महिला को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र ऊखीमठ लाया गया, जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रुद्रप्रयाग भेजा गया।