घनसाली थाना क्षेत्र अंतर्गत सांकरी गांव से एक दर्दनाक मामला सामने आया है। जहां 22 वर्षीय विवाहिता पूनम देवी का शव संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर पर मिला। घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है।बताया जा रहा है की जिस दिन पूनम की पहली शादी की सालगिरह थी, उसी दिन उसकी मौत हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, शनिवार देर रात पूनम की तबीयत बिगड़ने की बात कहकर उसके पति और ससुर उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को अपने कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी। साथ ही परिजनों को हिरासत में ले लिया गया।
घटना की जानकारी मिलते ही पूनम के मायके पक्ष में कोहराम मच गया। देर रात ही परिजन अस्पताल पहुंचे और पिलखी में हंगामा किया। रविवार सुबह बेलेश्वर अस्पताल में भी परिजनों ने जोरदार प्रदर्शन किया। मृतका के पिता शिव सिंह बिष्ट ने इस घटना को जघन्य अपराध बताते हुए आरोप लगाया कि उनकी बेटी की हत्या की गई है। उन्होंने बताया कि पूनम 21 अप्रैल को मायके आई थी और 25 अप्रैल को ससुराल गई थी, लेकिन उसी रात उन्हें फोन कर केवल तबीयत खराब होने की बात कही गई, जबकि बेटी की पहले ही मौत हो चुकी थी।
मृतका के अन्य परिजनों ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। कहा कि पूनम को दहेज के लिए लगातार प्रताड़ित किया जाता था और उसकी हत्या की गई है। उन्होंने यह भी बताया कि शव को एम्बुलेंस के बजाय कार की डिग्गी में लाया गया, जो पूरे मामले को और संदिग्ध बनाता है। परिजनों ने शव पर चोट के निशान होने का भी दावा किया है और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा, यहां तक कि फांसी की मांग की है।
मामले में थानाध्यक्ष अजय कुमार जाटव ने बताया कि मृतका पूनम देवी के पिता की तहरीर पर एफआईआर दर्ज कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल बोराड़ी भेजा गया है। प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा।