देहरादून के नानुरखेड़ा शिक्षा निदेशालय में अशासकीय विद्यालयों से जुड़े विवाद के दौरान प्रारंभिक शिक्षा निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर कुछ लोगों ने जानलेवा हमला कर दिया। इससे वहां अफरातफरी मच गई। हमले में निदेशक के चेहरे और सिर में गंभीर चोटें आईं है।

जानकारी के अनुसार, अशासकीय विद्यालय प्रबंधन से जुड़े कुछ सदस्य अपनी मांगों के संबंध शिक्षा निदेशालय पहुंचे थे। इसी दौरान निदेशालय के कार्मिकों और प्रबंधन के प्रतिनिधियों के बीच कहासुनी हो गई जो देखते ही देखते तीखे विवाद में बदल गई।
विवाद बढ़ने पर कुछ लोगों ने निदेशक अजय कुमार नौडियाल पर हमला कर दिया। घटना के समय उमेश शर्मा काऊ भी मौके पर मौजूद बताए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि वे ही अशासकीय विद्यालय प्रबंधन के सदस्यों को लेकर निदेशालय पहुंचे थे। हमले के बाद घायल निदेशक को तुरंत उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया है जहां उनका इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और मामले की जांच शुरू कर दी है। सरकारी अधिकारी और कर्मचारी इस तरह की घटना को लेकर आक्रोशित हैं।