
हरियाणा से दोस्तों के साथ मसूरी घूमने आए एक युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने से मौत हो गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस के अनुसार, हिसार के देव नगर निवासी 35 वर्षीय पवन कुमार अपने दोस्त मनीत और रविकांत के साथ मसूरी घूमने आया था। बताया गया कि एक होटल के पास वाहन खड़ा करते समय अचानक पवन कुमार को खून की उल्टी होने लगी।
घटना के बाद उसके दोस्तों ने उसे देहरादून के एक निजी अस्पताल पहुंचाया लेकिन चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि परिजनों की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।