महिला ने दो बच्चों समेत नहर में लगाई छलांग, लोगों ने बचाई मासूमों की जान, माँ की तलाश जारी

कोतवाली विकासनगर अंतर्गत पुल नंबर एक डाक्टरगंज के पास एक महिला ने अपनी दो बेटियों के साथ शक्ति नहर में छलांग लगा दी। घटना शनिवार शाम करीब साढ़े चार बजे की है।


स्थानीय युवकों ने नहर में कूदकर दोनों बच्चियों को तो बचा लिया, लेकिन महिला डूब गई। पुलिस और एसडीआरएफ की टीम ने संयुक्त रूप से अभियान चलाकर नहर में महिला की तलाश की, लेकिन उसका पता नहीं चला। इस बीच देर शाम तक महिला की तलाश जारी रही।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को बताया कि महिला अपनी दो बेटियों के साथ नहर के पास पहुंचकर इधर-उधर टहल रही थी। इसी बीच उसने दोनों बेटियों के साथ नहर में छलांग लगा दी। वहां मौजूद कुछ युवकों ने उसे ऐसा करते देख लिया। तीनों को बचाने के लिए वे तुरंत नहर में कूद पड़े।
युवकों ने दो बेटियों तीन वर्षीय आर्वी चंदेल व उसकी तीन माह की बहन को सकुशल बचा लिया। लेकिन वे महिला को बचा पाने में नाकाम रहे। पुलिस ने दोनों बच्चियों को लेहमन अस्पताल में भर्ती कराया है। नहर में छलांग लगाने वाली महिला की पहचान 28 वर्षीय किरन चंदेल पत्नी धीरज चंदेल निवासी ग्राम जाखन बिन्हार विकासनगर के रूप में हुई है। महिला परिवार के साथ मंडी चौक विकासनगर में किराये पर रहती थी।