एनआईटी श्रीनगर के बीटेक तृतीय वर्ष (कंप्यूटर साइंस) के तेलंगाना निवासी छात्र के रविवार को अलकनंदा नदी में डूबने के बाद से अब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल पाया है। सर्च ऑपरेशन में कथित देरी और संसाधनों की कमी से आक्रोशित छात्रों ने सोमवार को संस्थान का परिसर बंद करा दिया। चिलचिलाती धूप में धरने पर बैठे छात्रों ने प्रशासन और बचाव दलों पर लापरवाही का आरोप लगाया। इस दौरान उन्होंने हुए तलाशी अभियान में एनडीआरएफ को शामिल करने की मांग की।

मूल रूप से तेलंगाना निवासी आनंद सोहन रविवार, 26 अप्रैल को अपने दोस्तों के साथ अलकनंदा नदी तट पर गए थे, जहां नहाते समय वह डूब गए। घटना के समय मौजूद रहे छात्र अमन ने बताया कि हादसे के तुरंत बाद 112 पर सूचना दी गई थी। पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन बचाव टीम (एसडीआरएफ) के पास करीब डेढ़ घंटे तक कोई उपकरण नहीं था। छात्रों का आरोप है कि बचाव दल यात्रा ड्यूटी में व्यस्त होने का हवाला देता रहा।