उत्तराखंड में बड़ा हादसा: टिहरी गढ़वाल के गूलर में पुल से गिरी बस, नौ की मौत

टिहरी जिले की गूलर घाटी में मंगलवार सुबह हुए बस हादसे में नौ लोगों की मौत हो गई, जबकि 26 लोग घायल हो गए। घायलों में छह की हालत गंभीर बनी हुई है। हादसे में घायल यात्रियों ने चालक की लापरवाही को लेकर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि चालक हरिद्वार से ही तेज रफ्तार और गलत तरीके से बस चला रहा था।


बस में सवार घायल राहुल कुमार निवासी बिहार ने बताया कि चालक हरिद्वार से ही तेज गति से बस चला रहा था और उसका तरीका भी सही नहीं था। राहुल श्रीनगर गढ़वाल विश्वविद्यालय में बी-फार्मा का छात्र है।वहीं, खटीमा निवासी प्रत्यूष ने बताया कि वह बस की सबसे पीछे वाली सीट पर बैठा था। रास्ते में उसे नींद आ गई थी। गूलर के पास हादसा होने पर उसकी आंख खुली तो बस में चीख-पुकार मची हुई थी। यात्री एक-दूसरे के ऊपर गिरे हुए थे।

मंगलवार सुबह करीब 4:30 बजे हरिद्वार से चमोली के कर्णप्रयाग जा रही यात्री बस गूलर बाजार के पास अनियंत्रित होकर पुल से करीब 100 मीटर नीचे गदेरे में जा गिरी। हादसे में सात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने ऋषिकेश एम्स में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। मृतकों में पांच की शिनाख्त हो चुकी है, जबकि चार की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

दुर्गम रास्ते और कठिन परिस्थितियों के बीच एसडीआरएफ के जवानों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कुल 26 घायलों को स्ट्रेचर की मदद से सड़क तक पहुंचाया गया। यहां से एंबुलेंस के जरिये उन्हें अस्पताल भेजा गया। हादसे में सात लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि दो यात्रियों ने ऋषिकेश एम्स में दम तोड़ दिया। सभी मृतकों की शिनाख्त हो गई है।