विकासखंड पोखरी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम रौता के जंगल में एक बुजुर्ग व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। सूचना मिलने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव का पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

पुलिस ने बताया कि बीते दिन थाना पोखरी को सूचना दी गई थी कि अमर सिंह(68) पुत्र आनंद सिंह, निवासी ग्राम थप्पल, थाना व जनपद रुद्रप्रयाग जो पिछले लगभग एक माह से लापता थे, उनका शव पोखरी थाना क्षेत्र के ग्राम रौता के जंगल में सड़ी-गली अवस्था में पड़ा मिला है। परिजनों द्वारा उनकी गुमशुदगी पूर्व में थाना कोतवाली रुद्रप्रयाग में दर्ज कराई गई थी।
उन्होंने बताया कि सूचना देर शाम प्राप्त होने तथा अंधेरा होने के कारण उसी दिन पुलिस कार्रवाई संभव नहीं हो सकी। इसके बाद आज 27 फरवरी 2026 को थाना पोखरी से उप निरीक्षक देवेंद्र सिंह पुलिस बल, मृतक के परिजनों व ग्रामीणों के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर शव का पंचायतनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के राजकीय उपजिला चिकित्सालय कर्णप्रयाग भेज दिया।
पूछताछ के दौरान परिजनों एवं ग्रामीणों ने बताया कि अमर सिंह मानसिक रूप से अस्वस्थ थे और अक्सर बिना बताए घर से कहीं भी चले जाते थे। इसी कारण लगभग एक माह पूर्व उनकी गुमशुदगी दर्ज कराई गई थी। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की आवश्यक कार्रवाई में जुटी हुई है।