उत्तरकाशी निवासी भारतीय वायुसेना में स्क्वाड्रन लीडर अभिनव नौटियाल को सीडीएस (चीफ आफ डिफेंस स्टाफ) अनिल चौहान ने प्रशंसा पत्र प्रदान किया है। उन्हें यह प्रशंसा पत्र आपरेशन सिंदूर में उल्लेखनीय योगदान के लिए प्रदान किया गया। इस सम्मान की घोषणा गत वर्ष स्वतंत्रता दिवस पर नई दिल्ली में हुई थी, जो कि अब उन्हें प्राप्त हुआ है।

जानकारी के अनुसार, स्क्वाड्रन लीडर नौटियाल ने वर्ष 2025 के दौरान 48 स्क्वाड्रन, भारतीय वायु सेना में सेवा देते हुए ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के दौरान असाधारण कर्तव्यनिष्ठा, साहस और कार्य दक्षता का परिचय दिया। उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन को न केवल सैन्य सेवा में बल्कि अन्य कर्मियों के लिए भी प्रेरणादायक बताया गया है। रक्षा मंत्रालय ने गत वर्ष स्वतंत्रता दिवस के मौके पर स्क्वाड्रन लीडर अभिनव नौटियाल को सीडीएस प्रशंसा सम्मान की घोषणा की थी, जो अब विधिवत उन्हें मिल गया है।
सीडीएस प्रशंसा पत्र पर हस्ताक्षर जनरल अनिल चौहान (सीडीएस) द्वारा किए गए हैं, जिसमें उन्होंने नौटियाल के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि उनका योगदान भारतीय सशस्त्र बलों के उच्च मानकों को दर्शाता है। मूल रूप से ज्ञानसू उत्तरकाशी के निवासी अभिनव नौटियाल की इस उपलब्धि से पूरे जनपद और प्रदेश में गर्व का माहौल है।
स्थानीय लोगों, जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने उन्हें इस उपलब्धि पर बधाई दी है। इस तरह के सम्मान न केवल सैनिकों का मनोबल बढ़ाते हैं बल्कि युवाओं को भी सेना में सेवा देने के लिए प्रेरित करते हैं। उत्तराखंड, जिसे वीरभूमि कहा जाता है, एक बार फिर अपने सपूत की इस उपलब्धि से गौरवांवित हुआ है। अभिनव के पिता शैलेंद्र नौटियाल उत्तरकाशी में शिक्षक और सामाजिक कार्यों में अग्रिम पंक्ति में खड़े रहकर महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।