कल खुलेंगे बाबा केदारनाथ के मंदिर के कपाट, मुख्यमंत्री धामी भी होंगे शामिल

विश्व प्रसिद्ध केदारनाथ धाम के कपाट कल 22 अप्रैल को सुबह आठ बजे शुभ मुहूर्त में खोले जाएंगे। कपाट खुलने के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी धाम पहुंचकर पूजा-अर्चना में शामिल होंगे। कपाट खुलने के साथ ही केदारनाथ यात्रा का विधिवत शुभारंभ हो जाएगा। इससे पहले आज बाबा केदार की डोली गौरीकुंड से केदारनाथ के लिए रवाना हो गई है।


कपाट खुलने को लेकर धाम में तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और मंदिर को भव्य रूप से सजाया गया है। यात्रा को सुगम और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने सड़कों की मरम्मत, यातायात व्यवस्था, पैदल मार्ग पर शौचालय, आवास, खान-पान और पेयजल की सुविधाएं की हैं। इसके साथ ही पूरे मार्ग पर विद्युत और सोलर लाइट की व्यवस्था की गई है तथा हर दो किलोमीटर पर स्वास्थ्य केंद्र स्थापित किए गए हैं। धाम और यात्रा मार्ग पर स्वच्छता व्यवस्था को भी मजबूत किया गया है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए आधुनिक शौचालय और गर्म पानी की व्यवस्था की गई है। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस और प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद हैं।