ऋषिकेश-बद्रीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर तोता घाटी के पास एक बड़ा सड़क हादसा होने से टला है । कर्णप्रयाग से हरिद्वार जा रही जीएमओयू की एक बस के अचानक ब्रेक फेल हो गए। चालक ने अदम्य साहस और सूझबूझ का परिचय देते हुए बस को गहरी खाई में गिरने से बचाने के लिए सड़क किनारे बने पिलर से टकरा दिया, जिससे बस रुक गई। इस साहसिक निर्णय से बस में सवार सभी 39 यात्रियों की जान बच गई।

कर्णप्रयाग के सुंदर गांव निवासी बस चालक जयंती प्रसाद पुत्र भगवती प्रसाद ने बताया कि तोता घाटी की ढलान पर अचानक गाड़ी के ब्रेक ने काम करना बंद कर दिया था। उन्होंने बताया कि बस की रफ्तार को कम करने के लिए उन्होंने कई बार सड़क किनारे पड़ी मिट्टी और पत्थरों पर टायर चढ़ाकर रोकने की कोशिश की, लेकिन ढलान तेज होने के कारण बस नहीं रुकी। सामने मौत को देख उन्होंने साहस दिखाया और बस को सड़क किनारे बने सुरक्षा पिलर्स से भिड़ा दिया। यदि बस पिलर से न टकराती तो वह अनियंत्रित होकर गहरी खाई में गिर सकती थी।
टक्कर के कारण बस में सवार पांच यात्रियों को हल्की चोटें आई हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश भेज दिया गया है। बस में सवार शेष सभी यात्री सुरक्षित हैं और उन्हें अन्य वाहनों के माध्यम से उनको गंतव्य की ओर रवाना कर दिया गया है।