हल्द्वानी में रामणी आन सिंह के चार गांवों के साथ ही खेमपुर कठघरिया और गुजरौड़ा में गर्मी बढ़ने के साथ ही पानी का संकट होने लगा है। लंबे समय से खराब पड़े तीन ट्यूबवेल दुरुस्त न होने से 10 हजार की आबादी पानी के लिए तरस रही है। ऐसे में मजबूरन लोगों को टैंकर मंगाने पड़ रहे हैं।

कठघरिया से करीब एक किमी दूर इस इलाके में अधिकतर मकान बन चुके हैं। आबादी बढ़ती जा रही है लेकिन ग्रामीणों को मानकों के अनुरूप पानी नहीं मिल रहा है। ऊपर से दो हफ्ते से भी अधिक समय से खराब ट्यूबवेलों की मरम्मत न होने से लोग परेशान हैं।रामणी जसवा, छोटी रामणी, खेमपुर, नरीपुर, गुजरौड़ा, मंगल विहार, धुनी नंबर-एक। इन क्षेत्रों में सिंचाई नलकूप खंड और पेयजल निगम भीमताल के ट्यूबवेल हैं।
एक टैंकर पानी की कीमत 500 से 700 रुपये हैं। जल संस्थान की ओर से इन दिनों 25 से 30 टैंकर पानी की सप्लाई की जा रही है। सामान्य दिनाें में यह संंख्या 10 से 15 के आसपास रहती है। तिकोनिया परिसर स्थित जल संस्थान का ट्यूबवेल दुरुस्त न होने से टैंकरों को पानी भरने के लिए तीन किमी दूर शीशमहल जाना पड़ रहा है।