फंदे से लटका मिला पूर्व पार्षद का बेटा, पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपा शव

रुद्रपुर में संदिग्ध हालत में पूर्व पार्षद और भाजपा के सक्रिय कार्यकर्ता के बेटे का शव फंदे से लटका मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया।


वार्ड-29 निवासी भाजपा कार्यकर्ता सतनाम सिंह परिवार के साथ आदर्श कॉलोनी में रहते हैं। उनकी पत्नी कंचन कौर पूर्व पार्षद थीं। बताया जा रहा है कि उनका बड़ा बेटा कपिल उर्फ शेरू विवाहित था। घटना के समय कपिल की पत्नी मायके गई थी और वह घर में अकेला था। उसके माता-पिता मकान के नीचे के हिस्से में थे।
रविवार शाम सतनाम अपने बेटे को बुलाने ऊपर पहुंचे। वहां उन्होंने देखा कि कपिल फंदे पर लटका हुआ था। उनकी चीख सुनकर परिवार के अन्य सदस्य और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। युवक को जिला अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर आदर्श कॉलोनी चौकी प्रभारी सुरेंद्र बिष्ट मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला। शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है। युवक के आत्मघाती कदम उठाने के कारणों की जांच की जा रही है।