सड़क हादसे ने छीनी दो बहनों की जिंदगी, परिवार में मचा कोहराम

घर में शादी की धूम थी मेहमान आ चुके थे खुशी का माहौल था। दोनों बहनें हंसी खुशी खरीदारी के लिए बाजार को निकलीं। किच्छा हाईवे पर सड़क हादसे में अचानक दो बहनों की मौत से घर में हर तरफ मातम है। आज जिस घर से भाई की बरात निकलनी थी और बहनें बरात में शामिल होतीं। उसी घर से आज दोनों बहनों का जनाजा निकलेगा।


किच्छा निवासी निशा (25) अपने भाई की शादी में शामिल होने के लिए पति और तीन बेटियों के साथ बड़े अरमानों से मायके आई थी। वह अपनी दो माह की बच्ची, बहन हिनाऔर ममेरी बहन रूबी के साथ भाई की शादी की खरीदारी के लिए घर से निकली थी। नयागांव के पास हाईवे किनारे ई-रिक्शा से उतरकर चालक को किराया दे रही थीं। तभी तेज गति से आई एक कार ने हाईवे पर किसी वाहन को ओवरटेक करते समय ई-रिक्शा को जोरदार टक्कर मार दी जिससे दोनों बहनों की जान चली गई।
मंगलवार को जैसे ही सड़क हादसे की खबर घर पहुंची। मां-बाप की आंखों के सामने दो बेटियों की मौत की खबर ने उन्हें तोड़ कर रख दिया। बुधवार को शीशगढ़, बहेड़ी (यूपी) के लिए बरात निकलनी थी। घर में लगभग सभी तैयारियां पूरी हो चुकी थीं। दोनों बहनें भी भाई की बरात में जाने को लेकर काफी उत्साहित थीं।